हिसार टू बांद्रा सीधी ट्रेन, लुधियाना वाली सिरसा तक

हिसार टू बांद्रा सीधी ट्रेन, लुधियाना वाली सिरसा तक
 
हिसार. रेलमंत्री पवन बंसल के पिटारे से हिसार के लिए कुछ मिला तो सही लेकिन उम्मीद के हिसाब से नहीं। हिसार के लिए सिर्फ एक एक्सप्रेस ट्रेन मिली है। यह ट्रेन हिसार टू बांद्रा चलाई गई है। यह भी सप्ताह में सिर्फ एक दिन ही चलेगी। वहीं लुधियाना से हिसार आने वाली ट्रेनों का रूट सिरसा तक बढ़ाया गया है।

उकलाना-नरवाना, अग्रोहा-फतेहाबाद और हांसी-महम-रोहतक रूट के लिए नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। जाखल-हिसार-रेवाड़ी लाइन का विद्युतीकरण किया जाएगा। इसके लिए सर्वे शुरू किया जाएगा। हालांकि हिसार से सीधे चंडीगढ़ के लिए ट्रेन चलाए जाने की मांग अभी अधूरी ही है।

अब तक

बांद्रा से जम्मू वाया हिसार ट्रेन (विवेक एक्सप्रेस) सप्ताह में एक दिन रविवार को आती है। सोमवार को जम्मू -बांद्रा वाया हिसार जाती है।

लुधियाना से हिसार तक पैसेंजर ट्रेन चल रही है। हिसार से लुधियाना के लिए सुबह चार बजे, 6.50 और दोपहर बाद सवा बजे रायपुर, धान्सू, उकलाना, जमालपुर, शेखा, जाखल, लहरा, सुनाम संगरूर और गिल होते हुए पैसेंजर ट्रेन जाती हैं।

आगे क्या?

बांद्रा से हिसार तक एक एक्सप्रेस चलेगी। हिसार एक्सप्रेस वाया अहमदाबाद, पालनपुर, मारवाड़, जोधपुर, डेगना चलेगी। यह ट्रेन सप्ताह में एक ही दिन चलेगी।

लुधियाना-हिसार के सिरसा तक बढ़ने से लुधियाना से आने वाले लोग सीधे सिरसा तक जा सकेंगे। वहीं हिसार से सिरसा तक जाने-जाने वाले लोगों को एक ट्रेन और मिल जाएगी। हिसार से सिरसा जाने में डेढ़ घंटे का समय लगता है।

उकलाना-नरवाना रेल लाइन से चंडीगढ़ से सीधे जुड़ जाएंगे

उकलाना- नरवाना रेल लाइन से उकलाना नरवाना होते हुए चंडीगढ़ जा सकेंगे। नरवाना जाकर चंडीगढ़ के लिए ट्रेन मिल जाएगी। उकलाना से नरवाना एक घंटे का समय लगता है। भविष्य में इस रूट से हिसार से चंडीगढ़ तक सीधी ट्रेन भी चलाई जा सकती है।

वाया हांसी-महम दिल्ली जाने में 80 मिनट का समय बचेगा

हांसी महम रोहतक रेल लाइन से दिल्ली जाने वालों का 80 मिनट का समय बचेगा। उन्हें भिवानी होकर नहीं जाना पड़ेगा। हिसार से दिल्ली जाने वाली ट्रेन इस समय चार से साढ़े चार घंटे का समय लेती है। हांसी महम रोहतक होते हुए जाने से तीन घंटे में दिल्ली पहुंच जाएंगे।


अग्रोहा फतेहाबाद रेल लाइन से अग्रोहा धाम का सीधा रास्ता

अग्रोहा धाम जाने वाले हिसार उतरकर बस या निजी वाहन से अग्रोहा धाम जाते हैं। अग्रोहा तक रेल लाइन बनने पर अग्रोहा धाम सीधा रेल सुविधा से जुड़ जाएगा।


यह भी मांगा था रेलमंत्री से

हिसार से चंडीगढ़ के लिए सीधी ट्रेन चलाई जाए।
एकता एक्सप्रेस चंडीगढ़ से भिवानी, हिसार तक चले।
मथुरा एक्सप्रेस का रूट भिवानी से हिसार तक हो।
कालिंद्री एक्सप्रेस कानपुर से हिसार तक चलाई जाए।
हिसार से हरिद्वार के लिए सीधी ट्रेन शुरू की जाए।
जम्मू-बांद्रा एक्सप्रेस रोजाना चलाई जाए।
गरीब रथ बीकानेर से हिसार नियमित चलाई जाए।